पृष्ठ

मेरी ब्लॉग सूची

रविवार, 11 अक्टूबर 2009

ओबामा, नोबल और विश्व शान्ति की उम्मीद

सर्वाधिक उद्दंड विद्यार्थी को क्लास का मोनिटर बनाना ही क्लास मैं शान्ति स्थापना और उदंडता समाप्त करने का सबसे अच्छा मध्यम होता है। नोबल कमेटी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को शान्ति के लिए नोबल पुरस्कार घोषित करना ठीक ऐसा ही है। कमेटी का यह निर्णय ओबामा द्वारा लिए गए निर्णयों को कटघरे में खड़ा करे या नहीं करे, आगे से उनके द्वारा विश्व शान्ति के विरूद्व लिया गया कोई भी निर्णय या प्रयास अमेरिकी संसद के विपक्षी सदस्यों, ओबामा के आलोचकों, अमेरिका सहित विश्व के सभी देशों में शान्ति के लिए प्रयासरत लोगों, अमेरिका की ताकत से अभीभूत न होने वाले देशों की सरकारों के साथ ही शान्ति के लिए नोबल पुरस्कार प्राप्त कर चुके ११८ लोगों और संस्थाओं की प्रतिष्ठा की कसौटी पर कसा जाएगा। इन सभी की संयुक्त प्रतिष्ठा का स्वरुप इतना बड़ा होगा की अमेरिकी राष्ट्रपति इसके विरोध का स्वर न तो बारूद की आवाज से दबा सकेंगे और न ही अमेरिकी धन या उसकी शान ओ शौकत से उसे प्रभावित कर सकेंगे। वास्तव में पुरस्कार ने ओबामा को ऐसे मंच पर खड़ा कर दिया है जहाँ से न तो वे नीचे उतरकर भीड़ के साथ खड़े हो सकते हैं और न ही विश्व जनमानस को लुभाने का कोई नाटक कर सकतें हैं। अब उन्हें शान्ति के लिए सच्चा प्रयास करना होगा। इसका लाभ पूरे विश्व समुदाय को मिलेगा, छोटे देश या अमेरिका के मित्र देशों के दुश्मन देशों के मन में अमेरिकी आतंक या भय में कमी आयेगी, वे नही अपने यहाँ शान्ति की अपेक्षा करेंगे, उन्हें शान्ति नसीब होगी [ भारत भी ऐसा ही एक देश है जिसका दुश्मन पाकिस्तान अमेरिका का कृपापात्र है] यह ऐसे प्रश्न हैं जिनका जवाब या फौरी तौर पर कोई आकलन जल्दबाजी होगी लेकिन इतना तय है की विश्व में फ़ैल रही अशान्ति और अनिश्चितिता के तूफ़ान में डूबती शान्ति के हाथ एक तिनका तो आ ही गया है। आशा है तिनका शान्ति की आवाज का सहारा बना रहेगा और ओबामा के प्रयासों की दिशा में चली शान्ति की छाया अब कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली ही नहीं बल्की इराक, फिलिस्तान, अफगानिस्तान सहित अन्य देशों के आम नागरिकों तक भी पहुंचेगी। इंतजार है बच्चे बड़े सभी के चेहरे पर नोबल शान्ति की रेखा उभरने का। अगर ऐसा हो सका तो यह होगी मिस्टर नोबल को विश्व की श्रद्धांजली, जो शायद ही हाथ जोड़े किसी प्रतिबिम्ब, कब्र के पास खड़े समूह या चर्च में प्रार्थना करते लोगों के रूप में नजर आए।