पृष्ठ

मेरी ब्लॉग सूची

गुरुवार, 16 अगस्त 2012

मेरी टप्पल यात्रा, भाग दो

यहां से निकले तो हम चल दिए जहानगढ़ के लिए, इस गांव का एक व्यक्ति शहीद हुआ था एेसा मुझे पता था इसका नाम भी पता था। हम इस गांव में पहुंचे तो प्रारंभिक गांव वैसा ही था जैसा कई साल पहले हुआ करता था। बारिश रुक-रुक कर हो रही थी तो सड़कों पर कीचड़ और फिसलन थी। किसी तरह इसे पार करने के बाद जब हम आगे बढ़े तो पता चला वहां मंदिर के पास उनका घर है। यहां से सीमेंटेड सड़क थी पता चला आप गलत रास्ते से आ गए पूरे रास्ते में सीमेंटेड सड़क है। इससे लगा गांवों की तस्वीर कुछ-कुछ बदल रही है। यहां घर के सामने पहुंचे तो देखा एक युवक और एक किशोरी बाड़े में बंधी भैंसों को भूसा डाल रहे हैं और उनके पानी आदि का इंतजाम कर रहे हैं। घड़ी देखी तो चार बजने को थे। दूध दुहने का समय हो चुका था इसी की तैयारी चल रही थी। हमने युवक को बुलाया और पूछा यह प्रशांत का ही घर है ना, उसने कहा हां। इस पर हमने कहा चंद्रपाल जी से मिलना है वे हैं क्या। चंद्रपाल यानी प्रशांत के पिता घर के आसपास ही थे जल्द ही वे हमारे सामने आ गए। आते ही उन्होंने पूछा आप किस विभाग से हैं। जब हमने बताया कि हम अखबार वाले हैं और 14 अगस्त के मद्देजनर आपसे मिलने आए हैं तो उन्होंने चारपाई बिछाई और बेटे से अंदर से कुर्सी लाने को कहा। हम वहीं पौर में बैठ गए। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो उन्होंने प्रशांत के घर से जाने और उसकी मौत की खबर आने तक की कहानी ठीक वैसे ही बयां कर दी जैसे कोई फिल्म उनके सामने चल रही हो और वे उसकी कहानी बता रहे हों। यहां उनके वाक्य 'वो तो स्कूल से आय के बैठो थे तभई हल्ला मचो और वो चलो गओ उते तमाशा देखन के लाने फिर गांव किन ने बताई कि प्रशांत के कनपटी में गोली लग गई और वो तो उतई खतम होए गओÓ ने मुझे झकझोर दिया। प्रशांत 12 साल का बच्चा था और पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। निसंदेह उसके पिता की जमीन हाईवे में गई और उन्होंने अब तक करार नहीं किया था। हो सकता है उसके पिता इस आंदोलन में शामिल भी हों लेकिन 12 साल का बच्चा इस आंदोलन में शामिल हो यह कम से कम मेरे लिए तो सोच पाना संभव नहीं। आखिर कैसे वह वहां तक पहुंचा और पीएसी की गोलियां उपद्रवियों को निशाना बनाकरचलाई जा रही थीं या उनका निशाना इतना कमजोर था कि कहीं भी किसी की भी ओर जा सकता था। प्रशांत के पिता ने बताया कि उनकी साढ़े चार बीघा जमीन हाईवे में गई है, उन्होंने जमीन के लिए करार नहीं किया है और अब तो कोई उनसे पूछने के लिए भी नहीं आता कि आखिर वे चाहते क्या हैं, और उन्हें मुआवजा मिलेगा भी या नहीं। अब उनके पास पांच से सात बीघा जमीन बची है इसी से खर्चा चलता है। ज्यादा भैंसें या गायें भी नहीं पाल सकते क्योंकि उनके लिए चारा कहां से आएगा। सात बच्चों में प्रशांत सबसे छोटा था। मुआवजे के पैसे से दो बेटियों और एक बेटे की शादी कर दी। न खेती खरीद पाए न खरीद पाएंगे जब पैसा समाप्त हो जाएगा तो क्या करेंगे यह समझ नहीं आ रहा। जब हमने उन्हें बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि जिन लोगों ने करार नहीं किया है उनक जमीन वापस कर दी जाएगी। इस पर उन्होंने कहा कि अगर जमीन वापस मिलती है तो बहुत खुशी होगी। बेटे ने कहा उन्हें वही जमीन चाहिए जो उनकी थी। अगर एेसा नहीं होता तो कम से कम अपने गांव के आसपास ही वह जमीन चाहिए। इस बीच एक महिला आकर खड़ी हुई इसकी फूली हुई आंखें बता रही थी कि इन आंखों से कुछ ही पल पहले आंसुओं की धार निकली है। जब तक वह हमारी मौजूदगी को सहज स्वीकार करती कि हम प्रशासन या किसी विभाग से जुड़े नहीं हैं तब तक उसका धैर्य जवाब दे गया और वह फट पड़ी। उसके मुंह से निकला एक-एक शब्द बता रहा था कि इन लोगों में गुस्सा किस कदर हावी है। वह बोली 'बहुतईं खुश हैं हम, आओ तुमऊ देखौ कैसी खुशी है घर में, सब जने बहुतई मजा में हेंगे। अब याद आई दुए सालन बाद फिर आय गए अंसुअन को दिखान काजै, दे सकत हो हमाआे बच्चा तो हमें दै देओ, हमें और कछू नहीं चहिएÓ। महिला का नाम है विमलेश और यह है प्रशांत की मां जो अब भी अपने बच्चे की मौत मौत को स्वीकार नहीं कर पाई है। इसकी हालत बता रही है कि कोई भी मुआवजा या जमीन इसके दिल में बसे प्रशांत की मौत के दर्द को कम नहीं कर सकती।

सोमवार, 13 अगस्त 2012

मेरी टप्पल यात्रा भाग एक

बस आंख भर आई भई आज मुझे टप्पल जाने का मौका मिला। इसके लिए मेरे साथी और हिन्दुस्तान अलीगढ़ के डीएनई शरद यादव का शुक्रिया जिन्होंने मुझे टप्पल को लेकर ढेरों 'कहानियांÓ सुनाईं। हां याद आया एक बार उन्होंने टप्पल में बने हाईवे की फोटो भी दिखाए जो शानदारथे। इससे पहले मैं आगरा दिल्ली हाईवे पर चला था और यह मुझे लगभग वैसा ही दिखा। मेरी तो बल्ले-बल्ले हो गई जब मेरे संपादक जी ने कहा कि तुम्हें भी टप्पल जाना है। मैंने प्यून से डायरी पेन लिए और पूरे उत्साह के साथ इंडिका में सवार होकर चल पड़ा टप्पल की ओर। लगभग 7५ किमी केसफर की शुरुआत के पांच किमी में यानि अलीगढ़ के कठपुला के पास मैंने शरद जी से पूछा कि आखिर टप्पल की कहानी क्या है क्योंकि मुझे तो इसकी जानकारी ही नहीं। उन्होंने कहा वे जल्द ही बता देंगे। रास्ते में सुहाने मौसम कभी-कभी हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवा के झोंकों के बीच हम चले जा रहे थे।  टप्प्ल की ओर जाते समय खैर के ठीक पहले चार की दुकान पर रुके और चाय पी, सालों बाद कुल्हड़ में चाय पीने पर जो स्वाद मिला उसने मिलावटी दूध के डर को उस समय पास भी नहीं फटकने दिया।
यहां से हम पहुंचे टप्पल थाने के सामने जहां से स्थानीय संवाददाता हमें उन गांवों की ओर ले के चल दिए जहां के कुछ किसान पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में मारे गए थे। इन्हें शहीद कहा गया। हां एक बात तो भूल ही गया टप्पल पहुंचने से ठीक पहले हमें वह हाईवे दिखाई दिया जिसे यमुना एक्सप्रेस वे का नाम दिया गया है।  जाते समय दिखा पहला इंटरलिंग दिखा रहा था कि भारत के विकास की तस्वीर कितनी साफ और रंगीन है। इतनी रंगीन और साफ तस्वीर के लिए किसानों की कुछ जमीन की कीमत तो चुकाई जाना गलत नहीं लगा। 
स्थानीय संवाददाता भी हमारी गाड़ी में सवार हुआ और हम चल दिए स्यारौया की ओर यहां जाने के लिए जो सड़क थी एक बार तो वह बहुत खराब लगी लगा इतनी ऊबड़-खाबड़ सड़क पर सफर करना होगा। तभी याद आया वह रोड जिसे सभी जीटी रोड कहते हैं और जिससे हर पल उतने वाहन निकलते हैं जितने निकल सकते हैं, और उस सड़क पर मौजूद वे सैकड़ों गड्ढे, बस ये सड़क बहुत अच्छी लगने लगी। हम गांव के अंदर पहुंचे और शहीद धर्मेंद्र के पिता के नाम से उसके घर का पता पूंछा। सभी जानते थे तो हमें वहां पहुंचने में ज्यादा देर नहीं लगी। 
बेधड़क घर के अंतर पहुंचे एक शख्स बारामदे में चारपाई पर लेटा हुआ था। सामने हुक्का रखा था, इसकी ठंडी राख बता रही थी कि यह केवल तब उपयोग में आया था जब कोई यहां उनसे मिलने आया होगा। हां उनसे चर्चा की शुरुआत होते ही इस बात का अहसास हो गया कि वे अब इंटरव्यू देने, शहीदों को लेकर लोगों को जानकारी देने के आदी हैं। रटी हुई भाषा में कहे गए उनके वाक्य मेरे विजिट को खासा निराश करने वाले थे। तभी उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र की पत्नी, बच्चे और माता पिता तो गांव छोड़कर जा चुके हैं। यह मेरे लिए शॉकिंग था और मैंने पहली बार इस विजिट को संजीदगी से लेना शुरू किया।
कुछ कुरेदा तो उन्होंने बताया कि जो मुआवजे के रुपये प्राप्त हुए उससे उनके भाई ने बल्लभगढ़ में एक प्लॉट खरीदा, बहू की भी यही मर्जी थी तो उन्होंने अपने हिस्से की कुछ जमीन बेची और पहुंच गए बहू के साथ बल्लभगढ़ रहने के लिए। पता चला धर्मेंद्र की मौत के समय उसकी बच्ची केवल एक माह की थी। 15 जुलाई को उसका दूसरा जन्मदिन था। पत्नी का जीवन संवारने के प्रयास के तहत धर्मेंद्र के पिता ने बहू संतोष की भांवरें अपने दूसरे बेटे से डलवा दिए थे। 
धर्मेंद्र इस आंदोलन का हिस्सा था या नहीं प्रश्न यह नहीं प्रश्न मेरे मन में यह उठा कि आखिर क्या एक हाईवे के लिए एक परिवार को अपनी जड़ों को छोडऩे के लिए मजबूर होना रंगीत तस्वीर की कुछ ज्यादा ही कीमत नहीं है। प्रति वर्ग मीटर मिली जमीन की 350 रुपये की कीमत क्या इतनी है कि एक महिला अपने पति के छोटे भाई के साथ जीवन बिताए और हाईवे से गुजरती हर गाड़ी का पहिया कहीं न कहीं उसे अपनी छाती पर से गुजरता हुआ महसूस होते हुए उसके सास-ससुर देख सकें। बहुत मनन के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा शायद यही वह दर्द था जिससे निजात पाने के लिए उसने परिवार के साथ हाईवे से कहीं दूर बल्लभगड़ जाने का निर्णय लिया ताकि इस हाईवे से गुजरने वाली गाडिय़ों की आवाज, इनके हॉर्न उसके कानों में पिघले हुए शीशे की तरह हर पल न महसूस हों।
शेष कल लिखूंगा अब यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा इसका वादा रहा। इसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें थी जिन्हें मैंने दूर कर लिया है।